स्वतंत्रता दिवस का उत्साह चरम पर, सड़कों से लेकर विद्यालयों तक तिरंगे की गूंज
रिपोर्ट एडवोकेट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर (बादशाहपुर)। आजादी के 79वें पर्व पर जिले में देशभक्ति का जोश चरम पर है। शुक्रवार की सुबह से ही गलियों और सड़कों पर तिरंगों की अनोखी छटा बिखरी नजर आई। दोपहिया और चारपहिया वाहन तिरंगे से सजे हुए फर्राटा भरते निकले। स्कूली वैन और बसों में छोटे-छोटे बच्चे सिर पर तिरंगे की टोपी, गालों पर तिरंगे का स्टीकर और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए उत्साह के साथ हाथ हिलाते दिखाई दिए।
गांवों में परिषदीय विद्यालयों की ओर बच्चों की टोलियां हाथ में कागज के तिरंगे लेकर निकल पड़ीं। विद्यालयों और कार्यालयों में सजावट और चहल-पहल ने पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया। चारों ओर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे गूंजते रहे।




