तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत, गांव में छाया मातम
रिपोर्ट एडवोकेट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर (बरसठी)। बरसठी थाना क्षेत्र के भदराव गांव में बुधवार की शाम खेलते समय तालाब में डूबने से 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार मृतक सिंघम सिंह पुत्र अनिल सिंह रोज की तरह गांव के प्राइमरी स्कूल और मंदिर के पास खेलने गया था। इस दौरान वह भैंस चराने भी निकला था। देर शाम जब वह घर नहीं लौटा तो परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। बच्चे की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को भी दी गई।
पुलिस ने परिजनों के बताए स्थानों पर तलाश की, यहां तक कि बच्चे के ननिहाल भदोही तक भी पड़ताल की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में ग्रामीणों को पास स्थित तालाब पर डूबने की आशंका हुई। जब लोग पानी में उतरे तो बच्चा उसी में मिला।
बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




