अति पिछड़ों के सामाजिक अधिकार सुनिश्चित किए जाएं
चंदौली। अति पिछड़े वर्ग को राजनीतिक, सामाजिक और सरकारी सेवाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए केंद्र सरकार से जस्टिस रोहणी कमीशन की रिपोर्ट संसद में पेश कर लागू करने की मांग उठी। यह मुद्दा सोमवार को सकलडीहा में आयोजित रोजगार और सामाजिक अधिकार अभियान की बैठक में प्रमुखता से रखा गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 28 सितंबर को वाराणसी के पराड़कर भवन में होने वाले रोजगार व सामाजिक अधिकार सम्मेलन में सकलडीहा से भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता जोखू सिद्दीकी ने की, जबकि संचालन अभियान के संयोजक व पूर्व जिला पंचायत सदस्य तिलकधारी बिंद ने किया। मुख्य वक्ता समाजवादी नेता इंद्रजीत शर्मा रहे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में पूंजी का पलायन विकास में सबसे बड़ी बाधा है। इस पर रोक लगाकर पूंजी को रोजगार सृजन में खर्च किया जाना चाहिए। शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवालों को भी मजबूती से उठाया गया। बैठक को एआईपीएफ के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, केशव राजभर और अशरफ ने भी संबोधित किया।






