प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में बच्ची बनी एक दिन की प्रधानाध्यापक
रिपोर्ट विरेंद्र प्रताप उपाध्याय
चौबेपुर (वाराणसी)। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में एक अनोखी पहल देखने को मिली। विद्यालय की छात्रा सेजल सोनकर को एक दिन के लिए विद्यालय की प्रधानाध्यापक बनाया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेश राम ने सेजल को चार्ज सौंपते हुए छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित गतिविधियों के क्रम में नवरात्र के प्रथम दिन देवी स्वरूप की स्तुति कराई गई थी। वहीं, द्वितीय दिवस पर छात्रा को प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
उन्होंने कहा कि इस पहल से बच्चियों में कर्तव्य और नेतृत्व का बोध होगा। नारी सशक्तिकरण की दिशा में यह कदम बेहद अहम है। डॉ. सुमन ने आगे कहा कि आज नारी शक्ति हर क्षेत्र में अपनी भूमिका निभा रही है। ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को मात देकर बेटियों ने यह साबित कर दिया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
मिशन शक्ति जैसे अभियानों से बेटियों की भागीदारी बराबरी की ओर बढ़ रही है और आने वाला समय इसका साक्षी बनेगा। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा।





