लाइन बाजार थाने में दर्ज हुआ धोखाधड़ी प्रकरण, कोर्ट ने लिया संज्ञान
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। न्यायालय के आदेश पर महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड, मुंबई के चेयरमैन व निदेशक समेत जौनपुर स्थित स्टार मोटर्स के खिलाफ लाइन बाजार थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी, जालसाजी और हेराफेरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मोकलपुर गांव निवासी अधिवक्ता मनीष यादव (गणेश) से जुड़ा है।
पीड़ित मनीष यादव ने बताया कि उन्होंने 3 अक्टूबर 2024 को जौनपुर स्थित स्टार मोटर्स एजेंसी पर थार रॉक्स वाहन की बुकिंग के लिए ऑनलाइन 21,000 रुपये जमा किए थे। एजेंसी ने मार्च 2024 में वाहन देने का वादा किया था, लेकिन उससे पहले उनकी बुकिंग कैंसिल कर दी गई। इसके बाद केवल 18,900 रुपये वापस किए गए, जबकि 2,100 रुपये काट लिए गए। पीड़ित ने कहा कि एजेंसी ने इस कटौती का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया और शेष राशि लौटाने में असफल रही।
अधिवक्ता मनीष यादव ने इस मामले को न्यायालय में उठाया, जिस पर कोर्ट ने गंभीरता से संज्ञान लिया और आदेश दिया कि प्रकरण में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके बाद 23 सितंबर 2025 को लाइन बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




