स्वच्छता कर्मियों का हुआ सम्मान, मंत्री ए.के. शर्मा बोले- स्वच्छता बने जन आंदोलन
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
भदोही : स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रविवार को गोपीगंज और ज्ञानपुर में स्वच्छता कर्मियों का सम्मान एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वच्छता कर्मियों का माल्यार्पण कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें समाज के सच्चे अनकहे नायक बताया।
मंत्री ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ भारत की परिकल्पना स्वच्छता कर्मियों के कठिन परिश्रम के बिना संभव नहीं है। उन्होंने आमजन और व्यापारियों से आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा स्वच्छ भारत अभियान नई ऊँचाइयों पर है और इसमें हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
इस दौरान मंत्री ने हनुमान मंदिर बड़वा, ज्ञानपुर में आयोजित श्री राम कथा में भाग लिया। उन्होंने पूजा-पाठ कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, सांसद विनोद बिंद, विधायक विपुल दुबे, पूर्व विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी, वरिष्ठ कालीन निर्यातक प्रह्लाद दास गुप्ता, बृजेश गुप्ता समेत भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।







