स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए की स्थायी समाधान की मांग
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
भदोही। शनिवार सुबह से ही भदोही–गाजिया मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लिप्पन तिराहा समेत कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि अधिकारियों के वाहन और एक एम्बुलेंस तक जाम में फंस गए। करीब दो घंटे तक मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। जाम के कारण आसपास के बाजार पूरी तरह ठप पड़ गए और आम जनजीवन प्रभावित हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है। हर कुछ दिनों में इसी तरह जाम लग जाता है, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठाता। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि भदोही–गाजिया मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाया जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए।
लोगों ने डीएम भदोही, एसपी भदोही और सीओ ट्रैफिक से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है, ताकि इस मार्ग पर आवागमन सुचारू किया जा सके।






