बदलापुर व जफराबाद थाना क्षेत्र की घटनाएं, परिवारों में मचा कोहराम
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के बटाऊबीर के पास गुरुवार दोपहर सड़क दुर्घटना में एक श्रमिक की जान चली गई। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के बस्ती बंदगान गांव निवासी 40 वर्षीय महेंद्र कुमार कनौजिया पुत्र स्व. शिव पूजन कनौजिया बाइक से कागजात लेने गए थे। लौटते समय अचानक बाइक असंतुलित हो गई और वह सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के कजंगाव की है, जहां बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रेलवे पुलिया से नीचे नाले में गिर गया। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव निवासी 33 वर्षीय अजय कुमार गौतम पुत्र बसंत गौतम पेंटिंग का काम करता था। काम खत्म कर बाइक से घर लौटते समय यह हादसा हुआ।
काफी देर तक नाले में पड़े रहने से ठंड और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। देर रात घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नाले से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच में जुटी है।




