लगभग सात लाख रुपये का राजस्व अर्जित, यात्रियों से नियमों के पालन की अपील
डीडीयू नगर (चंदौली)। डीडीयू रेल मंडल द्वारा बिना टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा की रोकथाम के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को डीडीयू–गया रेलखंड में एक साथ व्यापक टिकट जांच अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत डीडीयू जंक्शन, गया, डेहरी ऑन सोन एवं सासाराम स्टेशनों पर टिकट चेकिंग स्टाफ एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीमों द्वारा प्लेटफॉर्म, पैदल पुल तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सघन जांच की गई। इसके साथ ही डीडीयू–गया एवं डीडीयू–बक्सर रेलखंड पर संचालित ट्रेनों में भी यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई।
इस दौरान यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई तथा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। अभियान में कुल 1236 यात्री बिना टिकट अथवा बिना वैध प्राधिकार के यात्रा करते पाए गए, जिनसे जुर्माने के रूप में लगभग सात लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।
टिकट जांच के दौरान टिकट काउंटरों पर सामान्य से अधिक भीड़ देखी गई। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। अब टिकट लेना और भी आसान हो गया है, जिसे टिकट काउंटर, रेलवे वेबसाइट, मोबाइल एप एवं एटीवीएम के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट यात्रा करना दंडनीय अपराध है।






