शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए से की मुलाकात, 69 हजार भर्ती शिक्षकों समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला के नेतृत्व में बुधवार को शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. समीर कुमार से उनके कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को बीएसए के सामने रखा। इनमें 69 हजार शिक्षक भर्ती में चयनित बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों के ब्रिज कोर्स, विशेष ऑनलाइन अवकाश, जनगणना ड्यूटी और गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति तथा मातृत्व अवकाश पर चल रही शिक्षिकाओं के प्रशिक्षण से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। इसके अलावा तीन महीने से लंबित जीपीएफ ऑफलाइन फंड लोन की फाइलों के भुगतान का भी मामला उठाया गया।
जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ला ने बीएसए को बताया कि जिले में कई शिक्षकों के जीपीएफ फंड लोन से संबंधित प्रकरण काफी समय से लंबित हैं। उन्होंने कहा कि अनेक शिक्षकों को परिवार में इलाज, शादी-विवाह अथवा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए धन की जरूरत है। ऐसे में पहले ऑफलाइन माध्यम से जमा किए गए जीपीएफ फंड लोन के मामलों का जल्द निस्तारण किया जाना आवश्यक है।
मामले की जानकारी मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. समीर कुमार ने संबंधित पत्रावलियों को देख रहे खंड शिक्षा अधिकारी रविशंकर यादव को अपने कक्ष में बुलाया। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बीएसए ने कहा कि पहले से प्रस्तुत लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराया जाएगा। इसके बाद जीपीएफ फंड अथवा अन्य ऋण के भुगतान के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि आगे की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुचारु बनाया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने 69 हजार शिक्षक भर्ती के शिक्षकों के विशेष ऑनलाइन अवकाश स्वीकृत करने, शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी और गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करने तथा मातृत्व अवकाश पर चल रही शिक्षिकाओं के प्रशिक्षण से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी।
शिक्षक नेता अरविंद शुक्ला ने कहा कि शिक्षक संगठन शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करता रहेगा। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए बीएसए द्वारा दिए गए निर्देशों पर आभार जताया।
इस अवसर पर शैलेंद्र पाल, अनिल कनौजिया, पवन सिंह, नागेंद्र प्रजापति, वेद प्रकाश, गौरव सिंह, अजय यादव, वंदन यादव, श्रेया सिंह, नीतू पाल और डॉ. विनोद कुमार पाल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।




