जेसी चौराहा से वाजिदपुर चौराहा तक जल क्षेत्र के संरक्षण की मांग, सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। जेसी चौराहा से वाजिदपुर तिराहा तक सड़क किनारे स्थित ऐतिहासिक जल क्षेत्र को भू-माफियाओं और कब्जाधारियों से बचाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जज सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जल क्षेत्र के संरक्षण के साथ वहां बाउंड्रीवाल कराने और सौंदर्यीकरण की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि झील में कूड़ा फेंकने तथा उसे पाटने की गतिविधियों पर तत्काल पूरी तरह रोक लगाई जाए। सामाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि इस जल क्षेत्र की कई बार पैमाइश हो चुकी है, लेकिन अब राजस्व टीम से दोबारा अंतिम पैमाइश कराकर झील की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।
जज सिंह ने मांग की कि पैमाइश के बाद जल क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए चारों ओर बाउंड्रीवाल और तारबंदी कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे की संभावना न रहे। उन्होंने शेष बचे जल क्षेत्र की बाउंड्रीवाल को वाजिदपुर चौराहा से जेसी चौराहा तक पूरा कराने की मांग भी रखी।
ज्ञापन में जल स्रोत के चारों ओर सघन पौधारोपण कराने की मांग की गई। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के पर्यावरण का संरक्षण होने के साथ जल क्षेत्र को भी सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
सामाजिक कार्यकर्ता ने इस जल क्षेत्र को मिनी झील एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना है कि यदि इसका उचित विकास और सौंदर्यीकरण कराया जाए तो जौनपुर को एक नया आकर्षण और सौंदर्य स्थल मिल सकता है।
जज सिंह ने कहा कि बचे हुए इस जल क्षेत्र को समय रहते सुरक्षित करना जरूरी है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि अभी जल क्षेत्र को नहीं बचाया गया तो आने वाली पीढ़ियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने अधिकारियों से जल क्षेत्र को कब्जों से बचाने और उसके संरक्षण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।




