कोदहूं गांव में छुट्टा सांड का आतंक, एक सप्ताह में दो लोगों पर हमला; ग्रामीणों के अनुसार अब तक सात लोग हो चुके हैं घायल
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
मुंगराबादशाहपुर। विकास खंड मुंगराबादशाहपुर के कोदहूं गांव में छुट्टा सांड के हमले से घायल रामप्रसाद सरोज की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि बीते 20 सितंबर को रामप्रसाद घर में सो रहे थे, तभी सांड घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासन से शिकायत की थी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद 25 सितंबर को इसी गांव में सांड ने एक अन्य व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल व्यक्ति का अभी प्रयागराज में इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, उक्त सांड अब तक गांव में कुल सात लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
मछलीशहर तहसील क्षेत्र में छुट्टा गोवंश की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि ये पशु खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ अब लोगों के लिए भी खतरा बन रहे हैं। मछलीशहर-वाराणसी और मछलीशहर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी जगह-जगह छुट्टा पशुओं के झुंड देखे जाते हैं, जिससे आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय मीडिया में भी छुट्टा गोवंश की समस्या को लेकर लगातार खबरें प्रकाशित होती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार मामला सामने आने के बावजूद समस्या के समाधान को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है।




