तबीयत बिगड़ने पर निजी अस्पताल से ट्रामा सेंटर तक चला इलाज, भोर में तोड़ा दम
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
खेतासराय। नगर पंचायत क्षेत्र में मंगलवार की भोर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। युवक की अचानक बिगड़ी तबीयत और इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर क्षेत्र में विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खेतासराय के स्टेशन गली निवासी सुरेंद्र सोनी का 24 वर्षीय पुत्र अनुज सोनी सोमवार देर रात अचानक अस्वस्थ हो गया। परिजन उसे तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी युवक की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे ट्रामा सेंटर भेजा गया। मंगलवार की भोर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की अचानक हुई मौत को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मामले को लेकर विषाक्त पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




