बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत केराकत कोतवाली में जागरूकता बैठक आयोजित
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
केराकत (जौनपुर)। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौतुभ के निर्देश पर बुधवार को केराकत कोतवाली में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत थाना स्तर पर विभिन्न हितग्राहियों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित कर बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, नशामुक्ति एवं बाल विवाह की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान सीओ अजीत रजक ने जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों और मौजूद लोगों को शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी ने संकल्प लिया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह नहीं किया जाएगा और न ही ऐसे किसी आयोजन में भाग लिया जाएगा।
कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रभारी निरीक्षक एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग हरिनाथ भारती, मुख्य आरक्षी गायत्री प्रसाद यादव, रामकृष्ण, रामविलास, अशोक जायसवाल, प्रदीप जायसवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक दिपेन्द्र सिंह ने की, जबकि संचालन बाल संरक्षण अधिकारी द्वारा किया गया।





