प्रतिबंधित मांझा बेचने पर होगी कड़ी कार्रवाई, दुकानों की सघन जांच
रिपोर्ट अभिषेक उपाध्याय
जौनपुर। मड़ियाहूँ क्षेत्र में बुधवार, 14 जनवरी 2026 को चाइनीज व अन्य प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक मड़ियाहूँ पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र में भ्रमण पर निकले और सभी पतंग विक्रेताओं की दुकानों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित मांझा बिक्री के लिए पाया गया तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि दुकानदार प्रतिबंध संबंधी निर्देशों का पालन करें।
इस दौरान अनाउंसमेंट के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने के साथ-साथ गला ढकने, गमछा अथवा अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की गई, ताकि मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी प्रतिबंधित मांझा बिकता हुआ दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई कर जनहानि को रोका जासके।





